मथुरा। कोसीकलां में गोपाल बाग स्थित बांके बिहारी कॉलोनी में चोरों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान के घर से 10 दिन के अंतराल में दूसरी बार वारदात को अंजाम दिया। चोर पांच लाख की नगदी और सोने-चांदी के गहने ले गए। आरपीएफ में तैनात चंद्रभान गौतम उर्फ चतुर्भुज इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए हैं। देर रात चोर उनके मकान में घुसे और ऊपर के कमरे से करीब 5 लाख रुपये तथा लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार की महिला मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चतुर्भुज ने बताया लड़की की शादी के लिए पांच लाख रुपये लाकर रखे थी। चोर रुपये सहित सोने-चांदी के आभूषणों को चोरी कर ले गए। अलमारी और संदूक के लॉकर टूटे मिले हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है। पीड़ित का कहना है कि चोरों ने 10 दिन पहले भी उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले को संदिग्ध मान जांच कर रही है।







