HomeCrimeप्राथमिक विद्यालय कोटरा के प्रधानाध्यापक पर 25 बिंदुओं में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं...

प्राथमिक विद्यालय कोटरा के प्रधानाध्यापक पर 25 बिंदुओं में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप

हरदोई, प्राथमिक विद्यालय कोटरा के प्रधानाध्यापक पर 25 बिंदुओं में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोपहरदोई,21 फरवरी 2026 (UTN). जनपद के प्राथमिक विद्यालय कोटरा, विकास क्षेत्र टड़ियावां में तैनात सहायक अध्यापक विनोद कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर 25 बिंदुओं में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं, अभिलेखीय कूट-रचना एवं राजकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। शिकायत पत्र के अनुसार पीएफएमएस (PFMS) और डिजिटल आईडी से जुड़े मामलों में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि पूर्व डेटा ऑपरेटर को हटाकर एक शिक्षामित्र को पोर्टल पर ऑपरेटर दर्शाया गया तथा संबंधित व्यक्ति को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई। साथ ही ओटीपी नियंत्रण के नाम पर आईडी में स्वयं का मोबाइल नंबर दर्ज कर वित्तीय लेनदेन अपने नियंत्रण में रखने की बात कही गई है। एसएमसी गठन और बैठकों में भी अनियमितता का आरोप है।

पत्र में कहा गया है कि एसएमसी अध्यक्ष का आधार कार्ड जनपद सीतापुर का है, जो नियम विरुद्ध बताया गया है। यह भी आरोप है कि विगत एक वर्ष में कोई वास्तविक बैठक नहीं हुई, जबकि रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान अंकित किए गए हैं। सरकारी अनुदानों के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय निधि से बाल मेला, माता उन्मुखीकरण और एसएमसी प्रशिक्षण के नाम पर धनराशि आहरित की गई, जबकि ऐसे आयोजन नहीं हुए। आंगनबाड़ी किट, लर्निंग कॉर्नर और खेल सामग्री के लिए निकाली गई धनराशि के बावजूद विद्यालय में सामग्री उपलब्ध नहीं होने का उल्लेख है। सत्र 2023-24 एवं 2024-25 की टीएलएम ग्रांट के पूर्ण गबन का भी आरोप लगाया गया है।भवन रखरखाव और कंपोजिट ग्रांट में भी धांधली की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार केवल बाहरी दीवारों पर रंग-रोगन कर भारी बिल लगाए गए, जबकि कक्षाओं की स्थिति दयनीय है।

लगभग 1.20 लाख रुपये की लागत से निर्मित शौचालय को बिना तकनीकी अनुमति तोड़े जाने तथा विद्यालय के दिव्यांग शौचालय के क्षतिग्रस्त होने का भी आरोप है। मिड-डे मील और राशन वितरण में भी गड़बड़ी का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि अप्रैल 2024 से बच्चों को नियमित दूध वितरण नहीं हुआ। गर्भवती महिलाओं हेतु प्राप्त राशन के निजी उपयोग, फ्लेसी सप्लीमेंट के केवल अभिलेखीय वितरण और निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री प्रयोग करने की शिकायत भी पत्र में दर्ज है। इसके अतिरिक्त फर्जी उपस्थिति दर्ज कर एमडीएम धन के दुरुपयोग, अवकाश के दौरान रजिस्टर में बाद में हस्ताक्षर करने तथा पीटीएम बैठक केवल कागजों में दर्शाने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने ऑन-स्पॉट वेरिफिकेशन की मांग करते हुए संबंधित अभिलेखों का मिलान कराने का अनुरोध किया है। शिकायत के साथ डिजिटल साक्ष्यों से युक्त पेन ड्राइव संलग्न करने की बात भी कही गई है। मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से निष्पक्ष जांच समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

हरदोई- ब्यूरो,(लव कुश सिंह) | 

RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular