वृंदावन। वृंदावन के काछी मोहल्ला के एक युवक पर निराश्रित श्वान के साथ क्रूरता के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगाकर लोगों ने उसे पकड़ लिया। उसके मुंह पर कालिख पोतने के बाद जूतों की माला पहनाकर उसका जुलूस निकाला। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। जुलूस निकाले जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस जांच करके कार्रवाई करेगी। काछी मोहल्ला निवासी बिहारी एवं नारायण ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में ही रहने वाले युवक ने रात में निराश्रित श्वान के साथ कुकर्म और इसके बाद उसकी हत्या कर डाली। शुक्रवार की सुबह श्वान खून से लथपथ मरा पड़ा मिला। लोगों ने बताया कि उसकी धारदार हथियार से हत्या करके फेंक दिया।
इससे इलाके के लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके मुंह पर कालिख पोतने के बाद उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे मोहल्ले में जुलूस निकाला गया। इसके बाद उसे कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। इस घटना के दौरान लोगों ने वीडियो बनाई, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर पीतम पाल सिंह से बताया कि गौरानगर के कुछ लोग एक युवक को थाने में पुलिस के सौंप गए हैं। लोगों ने उसके साथ भी बुरा बर्ताव किया है। मामले की जांच की जा रही है।







