मथुरा। कोसीकलां के गांव कामर के रहने वाले ब्रांच पोस्टमास्टर रामवीर सिंह के हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस 5 टीमें दो हत्यारोपी की पहचान होने के बाद उनकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने छह दिन में तकरीबन 900 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। हरियाणा के कई शहरों में दबिश दीं। पुलिस दोनों हत्यारोपियों के नजदीक पहुंच गई है। दूसरी ओर, शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। शेरगढ़ के गांव अगरयाला डाकघर में ब्रांच पोस्टमास्टर रामवीर सिंह का 9 फरवरी की सुबह कार सवार युवकों ने गांव के बंबे के पास से अपहरण कर लिया था।
खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा भी किया मगर वह भाग निकले। दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज घटना के बाद से ही पुलिस टीमें रामवीर की तलाश में लगी हुई थीं। शुक्रवार को रामवीर का अधजला शव हरियाणा के पलवल में मिला था। मृतक की पत्नी को पहले यकीन नहीं हुआ, लेकिन अंगूठी व पैर पर मिले निशान से शिनाख्त कर ली गई। रामवीर के भाई अजीत ने भी पहचान की। एसपीआरए सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि हत्यारोपी रामवीर की भांजी को फुसलाकर ले जाने वाला भारत तेवतिया है।
उसने अपने साथी अजीत और अन्य के साथ मिलकर हत्या की है। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने शेरगढ़ से हरियाणा तक के 900 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। हत्यारोपियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किए हैं। अलावलपुर, पलवल निवासी भारत व रंजीत के खिलाफ शेरगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भारत ने रंजिश के चलते रामवीर की अगवा करके हत्या की है। पुलिस हत्यारोपियों के काफी नजदीक पहुंच गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।







