मथुरा। थाना जैंत में तैनात होमगार्ड ने थाना जैंत पर तैनात हेड कांस्टेबल पर उनके साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार करने व थाने में आने वाले फरियादियों से काम के बदले अवैध वसूली का आरोप लगाया है। होमगार्ड ने एसएसपी को लिखे शिकायती पत्र में हेड कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना जैंत में तैनात होमगार्ड साहब सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी ड्यूटी सुबह 7:45 बजे से शाम 4:00 बजे तक रहती है। आरोप है कि बीते दिनों जब वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर शाम करीब 4:30 बजे घर लौट रहे थे, तभी आरोपी हेड कांस्टेबल ने उनके साथ अकारण गाली-गलौज की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
शिकायती पत्र में होमगार्ड ने हेड कांस्टेबल की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। इसी मामले में आझई निवासी एक फरियादी सचिन कुमार ने बताया कि वह एक परिचित की सुपुर्दगी के सिलसिले में थाने आए थे, जहां हेड कांस्टेबल ने उनसे 2 हजार रुपए लिए। पीड़ित ने अब इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर करने की बात कही है। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि मामला फिलहाल संज्ञान में नहीं है। जानकारी की जा रही है।







