खेकड़ा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह उस समय दहशत और अफरा-तफरी का माहौल दिखा, जब तेज रफ्तार से दौड़ रहा एक कैंटर अचानक आग का गोला बन गया। हादसे में चालक की सूझबूझ से बड़ी जनहानि टल गई और उसने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
अंबाला से नोएडा की ओर जा रहा खाली कैंटर ,जैसे ही खेकड़ा क्षेत्र में रेलवे ब्रिज के पास पहुंचा, तभी उसके इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग भड़क उठी। चालक भूरी सिंह ,निवासी फिरोजाबाद ,ने इंजन से धुआं और तेज लपटें उठती देख, तुरंत वाहन को साइड में रोका और बिना देर किए कैंटर से कूद गया। इसीबीच कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बन गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची जहां दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद ही यातायात सुचारू किया गया। गनीमत रही कि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







