खेकड़ा। कस्बे में स्थित तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में श्रद्धा व विश्वास के केंद्र प्रसिद्ध बाबा काले सिंह मंदिर के समीप स्थित भैरो स्थल पर पितृ स्थापना के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर भंडारे का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बताया गया कि, मंदिर परिसर के पास स्थित भैरों बाबा के स्थान पर अनेक परिवार अपने पितृ स्थापित करते हैं।
कस्बे के प्रतिष्ठित डा अभिषेक शर्मा के परिवार द्वारा विधि-विधान से पितृ देव की स्थापना की गई। इस दौरान पुजारी अनिल गौनियाल ने विशेष पूजा अर्चन संपन्न कराया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर डा अभिषेक शर्मा को समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भगवान परशुराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तरुण गुप्ता, किशोर त्रिपाठी, विनोद गुप्ता, चौधरी नरेश शर्मा, लोकेन्द्र धामा, अनुज शर्मा, उमेश शर्मा, पुनीत शर्मा, प्रवेश शर्मा, रमाकांत शर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







