मथुरा। गोवर्धन के हरिपुरा गांव में सैकड़ों महिलाओं ने स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों के विरोध में बिजली घर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिलों की जांच और व्यवस्था में सुधार की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भुगतान करना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने मीटरों की जांच और गलत बिलिंग को तुरंत ठीक करने की मांग की।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। एसडीओ रामवीर सिंह ने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी बिलों और मीटरों की जांच कराई जाएगी, और तकनीकी गड़बड़ी या गलत रीडिंग पाए जाने पर उसे तुरंत ठीक किया जाएगा।







