HomeBreaking Newsअंतर्राज्यीय गिरोह के 8 साइबर ठगों को जनपद पुलिस ने किया गिरफ्तार,...

अंतर्राज्यीय गिरोह के 8 साइबर ठगों को जनपद पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक करोड़ रुपये से अधिक की कर चुके ठगी

बागपत। जनपद के साइबर क्राइम थाना पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय गिरोह के 8 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार,मोबाइल, लैपटॉप व सिम कार्ड आदि बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी बीसीए, बीबीए,एमबीए जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता हासिल कर रहे हैं तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों के रहने वाले हैं। 

बता दें कि, पुलिस को यह सफलता वादी संदीप अग्रवाल पुत्र दुलीचंद अग्रवाल निवासी बली की शिकायत पर मिली है। उसने पुलिस को बताया था कि, जस्ट डायल के माध्यम से सामान का लालच देकर उनके साथ दो लाख पंद्रह हजार रुपये से अधिक की ठगी की गई है। पुलिस ने इस मामले में आदित्य पुत्र नागेंद्र ,जो थाना जलालाबाद, शाहजहांपुर, बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है, उत्कर्ष पुत्र उदयवीर ,जो जिला फर्रुखाबाद, एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है, अंकुर पुत्र ईतेंदर, जो फर्रुखाबाद, एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र है और आकाश सिंह पुत्र पुष्पेंद्र भी फर्रुखाबाद का हाई स्कूल पास है इन सबको गिरफ्तार किया है।

जबकि अन्य गिरफ्तार आरोपियों में अश्विनी पुत्र प्रमोद भी शाहजहांपुर, बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र, आयुष पुत्र संजय बस्ती जिले का है तथा बीसीए पास , अतुल पुत्र उदय अयोध्या का रहने वाला एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र है व सुमित पुत्र उमेश सीतापुर, बीबीए पास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अश्वनी इस गैंग का सरगना है। 

पुलिस ने बताया कि,गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक मामले दर्ज हैं तथा आरोपियों ने अलग-अलग मामलों में कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है।

जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि, पकड़े गए अभियुक्तों के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक पिस्टल, एक ऑरा गाड़ी, 11 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट और 2 डेबिट कार्ड भी बरामद किए हैं। एएसपी श्री चौहान ने प्रेस वार्ता कर बताया कि, गिरफ्तारी करने वाली साइबर टीम को 25 हजार रुपये के ईनाम की घोषणा भी की गई है।

स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular