मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए कि शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत छात्र-छात्राओं का पंजीकरण/दाखिला लेना सुनिश्चित करें। जिले में संचालित समस्त सीबीएसई एवं आईसीएसई के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को किताबें व ड्रेस आदि खरीदने पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए कि आरटीई के तहत आवंटित विद्यालयों द्वारा शत-प्रतिशत प्रवेश नहीं लेने पर कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय प्रबंधकों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा है कि विद्यालय प्रबंधक किसी भी तरह का अतिरिक्त बोझ अभिभावकों पर नहीं डालें। मानकों के अनुसार ही शुल्क लें।
इसके साथ ही आरटीई के तहत दाखिला लेने में किसी तरह की कोताही नहीं बरतें। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि विद्यालय द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही फीस वृद्धि की जाए, यदि विद्यालय द्वारा मानकों के विपरीत अतिरिक्त फीस ली जाती है तो उस विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा विभाग रतन कीर्ती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







