बागपत। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लव शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ अमर्यादित तथा असंसदीय भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए उनकी निंदा की तथा उनका पुतला फूंका।
शुक्रवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के विरोध में नारेबाजी करते हुए असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लव कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि, ऐसी सोच और भाषा का प्रयोग करने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद पर नहीं होना चाहिए।
जिलाध्यक्ष लव कश्यप ने बताया कि, पार्टी के आह्वान पर प्रत्येक जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ता असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ धरना प्रदर्शन और पुतला दहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ,कांग्रेस पार्टी इस अमर्यादित टिप्पणी का घोर विरोध करती है और मुख्यमंत्री पर कार्रवाई की मांग करती है। साथ ही भाजपा से ऐसे किसी भी व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद से हटाने की अपील की है। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







