मथुरा। गोवर्धन थाना क्षेत्र स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा में कार्यरत फील्ड एग्जीक्यूटिव पर ग्राहकों से वसूली गई किस्त की रकम हड़पने का आरोप लगा है। शाखा प्रबंधक ने थाना गोवर्धन में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को रकम समेत गिरफ्तार किया है। लाइट माइक्रो फाइनेंस प्रा. लि. की गोवर्धन शाखा में ब्रांच मैनेजर अर्जुन सिंह ने अपनी तहरीर में बताया कि कंपनी कर्मचारी रनकता (आगरा) निवासी शिवकुमार जलेसर शाखा से ट्रासफर होकर गोवर्धन शाखा में आए थे। आरोप है कि 6 अप्रैल को शिवकुमार गांव पाली, डिरावली, कमई, भरना कलां, भरना खुर्द, कुंजेरा और कोन्हई में ग्राहकों से मासिक किस्त वसूलने गए थे।
इस दौरान कुल 1,35,050 रुपये की वसूली की गई, जिसमें से 36,197 रुपये ऑनलाइन माध्यम से कंपनी खाते में आए। शेष 98,853 रुपये नकद लिए गए। आरोप है कि शिवकुमार ने नकद राशि शाखा में जमा नहीं कराई और शाम को सहकर्मी को फोन कर झूठी सूचना दी कि कोन्हई गांव के पास अज्ञात व्यक्तियों ने उससे नकदी लूट ली। 112 नंबर पर भी सूचना दी। शाखा प्रबंधन ने मौके पर जाकर स्थानीय लोगों से जानकारी ली तो ऐसी किसी घटना से इनकार किया गया। प्रबंधक ने बताया कि आरोपी ने रकम वापस नहीं की और न ही कोई स्पष्ट जानकारी दी। प्रबंधक ने आरोपी के खिलाफ थाना गोवर्धन में घटना की तहरीर दी है। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।







