लोनी। सामाजिक एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि,लोनी मुस्तफाबाद में नवनिर्मित राजकीय इंटर कॉलेज में तुरंत शिक्षण कार्य शुरू किया जाए। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोनी के उपजिलाधिकारी को पत्र लिखकर नवनिर्मित राजकीय इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद, लोनी में शीघ्र शिक्षा कार्य शुरू कराने की मांग की है। ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी सरफराज अहमद ने पत्र में बताया कि, लोनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगभग 25 लाख की आबादी है। वर्षों पहले मुस्तफाबाद और प्रेम नगर लोनी में दो इंटर कॉलेज का निर्माण कराया गया था। इनमें से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज प्रेम नगर लोनी में शिक्षा कार्य शुरू भी हो गया है, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद लोनी में अभी तक कक्षाएं शुरू नहीं की गई हैं। इस कारण क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए महंगे निजी स्कूलों-कॉलेजों पर निर्भर रहना पड़ रहा है तथा भारी फीस के बोझ को वहन करने में असमर्थता के कारण कई बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
ट्रस्ट की ओर से पत्र में याद दिलाया गया कि ,उत्तर प्रदेश सरकार का स्पष्ट वादा है कि सभी को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं 29 अक्टूबर 2021 को अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग को दिए गए निर्देश के बावजूद मुस्तफाबाद कॉलेज में शिक्षा कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी सरफराज अहमद ने कहा कि,लोनी क्षेत्र की बड़ी आबादी और गरीब परिवारों को देखते हुए मुस्तफाबाद राजकीय इंटर कॉलेज में जल्द से जल्द शिक्षा कार्य प्रारंभ करना बेहद जरुरी है ,इससे हजारों गरीब बच्चों को सरकारी सुविधा के तहत शिक्षा मिल सकेगी और लोनी का नाम शिक्षा के क्षेत्र में रोशन होगा। ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री महोदय और स्थानीय प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति, बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने और शिक्षा कार्य शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया है। इस मौके पर दिनेश शर्मा अध्यक्ष उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक एसोसिएशन तहसील लोनी , एड विनोद कुमार, एड जुबैर आलम एड, इश्तियाक खान, एड वरिसुद्दीन आमिर अहमद आदि उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







