बागपत। जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में जनपद में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में आयोजित बैठक के निर्णयों की बिंदुवार समीक्षा की तथा कई बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर उन्होंने जिला खेल अधिकारी अमित कुमार के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि, कार्य शैली में तत्काल सुधार लाया जाए। कहा कि, शासन की मंशा के अनुरूप खेल सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने खेल परिसरों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों, क्रीड़ा हॉल तथा अन्य परिसरों में नियमित सफाई होनी चाहिए, जिससे खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। साथ ही, खेल उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खेल परिसर की सभी खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को शाम के समय भी अभ्यास में कोई असुविधा न हो।
कार्यालय संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेखों का डिजिटलीकरण एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गति आए। बैठक में स्विमिंग पूल की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उसकी नियमित सफाई, जल की गुणवत्ता तथा संपूर्ण रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ा जाए तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।उन्होंने जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव में स्टेडियम व्यवस्थित रूप से रहने चाहिए और युवक मंगल दल का गठन होना चाहिए समय-समय पर खिलाड़ी भी परिवर्तित होते रहे।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ,परियोजना निदेशक राहुल वर्मा पुलिस क्षेत्रधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







