मथुरा। गुड फ्राइडे पर गिरजाघरों में प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। ईसाई समाज के लोगों ने प्रभु यीशु को याद करते हुए श्रद्धा के साथ नमन किया। श्रद्धालुओं ने प्रेम, सत्य और विश्वास के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सदर बाजार कृष्णापुरी स्थित सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च में पास्टर रेव्ह. श्रीपाल ने गुड फ्राइडे के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया कि क्रूस पर चढ़ाए जाने के समय प्रभु यीशु मसीह ने कितनी पीड़ा सहन की होगी। वहीं सीएनआई चर्च में पास्टर रेव्ह. रॉडरिक विक्टर ने अपने संदेश में कहा कि क्रूस का बलिदान हमें परमेश्वर पर अटूट विश्वास रखने और क्षमा करना सिखाता है।
प्रभु ने मानवता के पापों के लिए स्वयं को बलिदान किया। सेक्रेड हार्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा में फादर एलिस कोरिया ने प्रभु के प्रेम और त्याग का संदेश दिया। एपिस्कोपल चर्च में पास्टर अनुराग ने भी गुड फ्राइडे के अवसर पर अनुयायियों को प्रभु के दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर बोले गए सात वचनों पर राज मसीह, सुदीप, श्रुति मसीह, हिमांशु, पीपी चंद और रेव्ह. श्रीपाल आदि ने विचार प्रस्तुत किए।







