मथुरा। गोवर्धन तहसील क्षेत्र में समस्याओं का समाधान न होने से नाराज किसानों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। दर्जनों किसान अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे प्रशासन में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों का आरोप है कि वे लंबे समय से जलभराव और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
क्षेत्र में जलभराव के कारण सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं कई गांवों में पानी की टंकियां जर्जर या बंद पड़ी हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। किसानों की मांग है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, खराब पड़ी टंकियों को दुरुस्त कर चालू किया जाए और फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन किसान जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हैं । इस संबंध में एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी ने बताया कि किसानों से वार्ता की जा रही है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही जल निकासी और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा तथा किसानों को हर संभव मदद दी जाएगी।







