नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. इस बार सरकार ने बजट को ‘ग्रीन बजट’ के रूप में प्रस्तुत किया है और कुल बजट का 21% हिस्सा पर्यावरण और ग्रीन इनिशिएटिव पर खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है. बजट भाषण में सीएम ने कहा कि सरकार ने हर योजना को ‘ग्रीन लेंस’ से देखा है ताकि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाया जा सके. बजट में राजस्व व्यय 70.3% और पूंजीगत व्यय 29.7% रखा गया है, जबकि दिल्ली का अनुमानित रेवेन्यू सरप्लस 9,092 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है.
*दिल्ली के बजट की बड़ी बातें*
1. दिल्ली सरकार ने 2026-27 के लिए लगभग 1.03 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया.
2. पूरे बजट का 21% हिस्सा पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन परियोजनाओं के लिए रखा गया.
3. लोक निर्माण विभाग के लिए 5,921 करोड़ रुपये का प्रावधान.
4. शहरी विकास और आवास के लिए 7,887 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
5. 750 किमी सड़कों की एंड-टू-एंड कारपेटिंग के लिए 1,392 करोड़ रुपये, जबकि नगर निगम को सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1,000 करोड़ अतिरिक्त मिलेंगे.
6. दिल्ली सरकार ने नगर निगम को कुल 11,666 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया, जो अब तक की सबसे बड़ी राशि बताई गई.
7. शिक्षा क्षेत्र के लिए 19,148 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया.
8. महिला समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को 2,500 रुपये देने के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान, साथ ही ‘लखपति बिटिया योजना’ के तहत बेटी के जन्म से ग्रेजुएशन तक आर्थिक सहायता दी जाएगी.
9. परिवहन विभाग के लिए 8,374 करोड़ रुपये और नई ईवी पॉलिसी के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया.
10. नवजात शिशुओं की 56 प्रकार की जांच के लिए ‘अनमोल योजना’, डिजिटल ब्लड बैंक, रियलटाइम आईसीयू बेड मॉनिटरिंग, और सुरक्षा के लिए 50,000 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की गई.
11.सरकार 9वीं कक्षा की छात्राओं को साइकिल देगी, जबकि 10वीं में मेरिट में आने वाले छात्रों को लैपटॉप प्रदान किया जाएगा.
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।







