मथुरा। आगरा से आई आयकर विभाग की टीम ने सोमवार को राधा वैली में रेलवे के कांट्रेक्टर गोपाल मुनीम के आवास पर सर्वे की कार्यवाही शुरू की। सर्वे टीडीएस में हेरफेर को लेकर किया जा रहा है। इस कार्यवाही से रेलवे से जुड़े अफसरों में भी खलबली मच गई। क्रिएटिव मिनरल्स के मालिक गोपाल मुनीम के राधा वैली के सेक्टर 4 स्थित आवास पर सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे आयकर विभाग की टीम पहुंची। चार गाड़ियों में आए अधिकारियों की टीम ने दोपहर से कार्यवाही शुरू की, जोकि देर रात तक चलती रही। रेलवे के सूत्रों के अनुसार गोपाल मुनीम रेलवे में गिट्टी आपूर्ति सहित अन्य कांट्रेक्ट लेते हैं। आयकर विभाग की यह कार्यवाही टीडीएस कटौती को लेकर की जा रही है।
इसमें उनके सब कांट्रेक्ट के लेनदेन के ब्योरे को खंगाला जा रहा है। यदि जांच के दौरान टीडीएस कटौती या उसके भुगतान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो विभाग ब्याज और जुर्माने के साथ बकाया राशि जमा कराने की कार्रवाई करेगा। माना जा रहा है कि लंबे समय से अनियमितताएं बरती जा रही थीं, जिनकी जांच अब आयकर की टीमें कर रही हैं। दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। ठेकेदार के अन्य कार्यालयों में मौजूद दस्तावेजों की जांच भी की जा सकती है।







