नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का एलान होने के बाद से बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल हो चुका है। चुनाव आयोग ने मंगलवार को भी 19 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। तबादला किए गए अधिकारियों में उत्तर, दक्षिण बंगाल के एडीजी भी शामिल हैं। इससे पहले राज्य के मुख्य सचिव का भी तबादला किया जा चुका है।
*कई जिलों में प्रशासनिक फेरबदल*
आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार सिंह को दक्षिण बंगाल का नया एडीजी नियुक्त किया गया है। वहीं के जयरामन को उत्तर बंगाल के एडीजी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों 1997 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। आसनसोल-दुर्गापुर, हावड़ा, बराकपोर और चंदननगर जिलों में भी नए कमिश्नर ऑफ पुलिस की नियुक्ति की गई है। 13 जिलों के पुलिस अधीक्षक भी ताजा फेरबदल में बदले गए हैं।
*चुनाव आयोग ने किन अधिकारियों के तबादले के आदेश दिए?*
1- पुष्पा,एसपी, बारासात पीडी
2- जसप्रीत सिंह,एसपी, कूचबिहार
3- सूर्य प्रताप यादव,एसपी, बीरभूम
4- राकेश सिंह,एसपी, इस्लामपुर पीडी
5- कुमार सनी राज,एसपी, हुगली ग्रामीण
6- इशानी पॉल,एसपी, डायमंड हार्बर पीडी
7- सचिन,एसपी, मुर्शिदाबाद पीडी
8- अलकनंदा भौवाल,एसपी, बसीरहाट पीडी
9- अनुपम सिंह,एसपी, मालदा
10 -अंगशुमन साहा, एसपी, पूर्व मेदिनीपुर
11- येलवाड श्रीकांत जगन्नाथराव, डीसी, सेंट्रल डिवीजन, कोलकाता
12- सुरिंदर सिंह,एसपी, जंगीपुर
13-पापिया सुल्ताना,एसपी, पश्चिम मेदिनीपुर
*मुख्य सचिव और गृह सचिव को भी पद से हटाया गया*
विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद निर्वाचन आयोग ने बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पद से हटा दिया था। आयोग ने साफ किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक दोनों अधिकारी किसी भी चुनाव संबंधी काम में शामिल नहीं हो सकेंगे। नंदिनी चक्रवर्ती की जगह 1993 बैच के आईएएस अधिकारी दुश्मंत नारियाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। 1997 बैच की अधिकारी संघमित्रा घोष को राज्य का नया गृह सचिव बनाया गया है।
*आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग करता है प्रशासनिक फेरबदल*
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, जिसके बाद निर्वाचन आयोग को प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति का अधिकार मिल जाता है। निर्वाचन आयोग पहले भी चुनाव के दौरान राज्य के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में बदलाव करता रहा है। गृह सचिव स्तर पर भी पहले परिवर्तन हुए हैं, हालांकि मुख्य सचिव स्तर पर बदलाव सामान्य नहीं रहा है।
*बंगाल में दो चरणों में होंगे चुनाव*
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होंगे। 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को नतीजे घोषित होंगे।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।







