वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर बाजार के पोशाक व्यापारी को जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। आरोपी और उसके दो साथियों ने बाजार में मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी है। पिछले एक माह से व्यापारी और उसके साथियों को धमकाए जाने के मामले में पीड़ित व्यापारी ने एक नामजद सहित दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगी है।
बिहारीपुरा निवासी मुरली मनोहर शर्मा श्री बांकेबिहारी मंदिर के मुख्य बाजार में मुकुट शृंगार एवं पोशाक की बीस साल से दुकान कर रहे हैं। पोशाक व्यापारी ने सेवाकुंज निवासी आदित्य द्विवेदी और उसके दो साथियों पर आरोप लगाया है कि वह पिछले एक माह से वह उन्हें और उनके साथियों को फोन कॉल कर जान से मारने की धमकी देते हुए चौथ मांग रहा है। मांग पूरी न होने पर आरोपी ने अपने सोशल मीडिया पर व्यापारी का फोटो लगाकर अश्लील शब्दों का प्रयोग करते गालियाें के स्टेटस लगाए। 15 फरवरी की दोपहर दो बजे मुख्य बाजार में वह अपने साथी अंकित शर्मा के साथ मौजूद थे तभी आरोपी आदित्य द्विवेदी वहां आ गया और चौथ की मांग करने लगा।
इसके बाद 17 फरवरी को शाम चार बजे वनखंडी महादेव के समीप दो साथियों के साथ आरोपी पहुंचा और मारपीट कर चौथ मांगने लगा। जान से मारने की धमकी दी है। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि पोशाक व्यापारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।







