मथुरा। स्कूल की छात्राओं को लेकर जा रही मैजिक और एक ट्रक में हाइवे थानांतर्गत नेशनल हाइवे पर मंडी पुल पर टक्कर हो गयी। इस घटना में करीब एक दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। इनमें से तीन को गंभीर अवस्था में निजि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैजिक में सवार छात्राएं यूपी बोर्ड की 12वीं की दूसरी पारी में हुई परीक्षा देकर लौट रही थीं। घायल छात्राओं को अस्पपताल में भर्ती कराया गया है। 12 वीं कक्षा की 14 छात्राएं यूपी बोर्ड की दूसरी पाली में परीक्षा देने रतन सिंह इण्टर कालेज बल्देव गयी थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी छात्राएं मैजिक द्वारा अपने घर गोविंदनगर थानांतर्गत राधेश्याम कॉलोनी लौट रही थीं। शाम करीब 06:50 बजे जैसे ही मैजिक नेशनल हाइवे पर मंडी पुल पर पहुंची, एक ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गयी। मैजिक और ट्रक की टक्कर होते ही मैजिक सवार छात्राओं में चीख पुकार मच गयी।
राह चलते लोग रुक गये और मैजिक में फंसी छात्राओं को निकालने लगे। इस दौरान किसी ने पुलिस कंट्रोल को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस के अनुसार मैजिक में 14 स्कूली बच्चियां थीं, रतन सिंह इंटर कॉलेज बलदेव से परीक्षा देकर लौट रही थीं। तीन छात्राओं नई मस्जिद के पास राधेश्याम कॉलोनी, थाना कोतवाली निवासी सानिया (17) पुत्री रफीक खां, पुष्प विहार निवासी प्रिया (17) पुत्री नेम सिंह और नई मस्जिद निवासी मधु उर्फ सीमा (17) पुत्री मोहन श्याम सैनी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनको सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार अन्य छात्राओं के मामूली चोटें थीं, जो उपचार के बाद घर चली गयीं। एक्सीडेंट के बाद कुछ देर लगा जाम इस घटना के होने से दोनों वाहन हाइवे पर खड़े हो जाने से हाइवे पर कुछ देर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया। पुलिस के अनुसार अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।







