मथुरा। यूजीसी के नए नियम के विरोध में महानगर कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों ने होली गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं की प्रधानमंत्री के प्रतीकात्मक पुतला दहन करने को लेकर पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस की कड़ी व्यवस्था के चलते कार्यकर्ता पुतला दहन नहीं कर पाए। कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष दीपक पाठक के नेतृत्व में होलीगेट स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां से वे प्रधानमंत्री का पुतला लेकर होलीगेट के लिए चले।
कार्यकर्ता होली गेट पर पुतला दहन करते, इससे पहले ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने पुतला छीन लिया। पुतला छीनने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। प्रदेश सचिव प्रकाश पंडित ने कहा कि यूजीसी के फैसले सीधे तौर पर छात्रों, युवाओं और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाले हैं। दीपक पाठक ने कहा कि जनविरोधी निर्णयों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस दौरान पूरन सिंह, देवेंद्र चतुर्वेदी, लल्ला, कमल शर्मा और राजू फारूखी समेत अन्य मौजूद रहे।







