राष्ट्रीय आविष्कार अभियान: ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

21

मथुरा। चौमुहां में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जीएलए विश्वविद्यालय के प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास खंड चौमुहां के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में, सभी प्रतिभागियों को 30 बहुविकल्पीय प्रश्नों की लिखित परीक्षा देनी पड़ी, जिसमें से 25 उत्कृष्ट बच्चों को अगले दौर के लिए चुना गया। वहीं द्वितीय चरण रोचक रहा। पिछले चरण में चयनित 25 बच्चों के पांच समूह बनाकर एक ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके माध्यम से आगामी दिनों में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मथुरा में प्रस्तावित विज्ञान क्विज और विज्ञान प्रदर्शनी के लिए कुल 10 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। चयनित छात्र-छात्राएं ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। विज्ञान क्विज के लिए राम, मनीषा, सोनिया, नंदिनी और पंकज का चयन हुआ है, जबकि विज्ञान प्रदर्शनी में मनीषा, सोनिया, राधिका, पंकज और राम मॉडल के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के समापन सत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बच्चों से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बातचीत की। उन्होंने महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडीसन से प्रेरणा लेने और प्रगति के पथ पर लगातार अग्रसर रहने का आह्वान किया। अंत में खण्ड शिक्षा अधिकारी चौमुहां कैलाश चंद शुक्ला ने इस सफल आयोजन के लिए समस्त उपस्थित लोगों और प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर अमित अद्वभुत, जितेन्द्र, महेश, हरीओम शर्मा, मंजू राजपूत, बदन सिंह यादव सहित अन्य मौजूद रहे।

Google search engine